केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की सामान्य बीमा कंपनियों और राष्ट्रीय कृषि तथा ग्रामीण विकास बैंक -नाबार्ड के वेतन संशोधन को मंजूरी दे दी है। भारतीय रिजर्व बैंक और नाबार्ड के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में भी संशोधन को मंजूरी दे दी गई है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि इन उपायों से लगभग 46,322 कर्मचारियों, 23,570 पेंशनभोगियों और 23,260 पारिवारिक पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा। इस निर्णय का उद्देश्य लाभार्थियों को बढ़ती महंगाई से बेहतर ढंग से निपटने और सेवानिवृत्ति के बाद गरिमापूर्ण जीवन स्तर बनाए रखने में मदद करके उन्हें सार्थक राहत प्रदान करना है।
मंत्रालय ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की सामान्य बीमा कंपनियों के कर्मचारियों के वेतन में संशोधन पहली अगस्त, 2022 से प्रभावी होगा। कुल वेतन वृद्धि 12.41 प्रतिशत होगी, जिसमें मौजूदा मूल वेतन और महंगाई भत्ता में 14 प्रतिशत की वृद्धि शामिल है। नाबार्ड और रिजर्व बैंक ई के कर्मचारियों के लिए वेतन और भत्तों में संशोधन पहली नवंबर 2022 से प्रभावी होगा। मंत्रालय ने बताया कि नाबार्ड के सभी ग्रुप ए, बी और सी कर्मचारियों के लिए यह संशोधन लगभग 20 प्रतिशत है, जबकि रिजर्व बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में मूल पेंशन और महंगाई राहत के अतिरिक्त 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।