जनवरी 16, 2026 10:02 अपराह्न

printer

भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनाव में शानदार जीत

महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व में महायुति गठबंधन मुंबई, पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़, कल्याण-डोम्बिवली, नासिक, ठाणे और नवी मुंबई सहित 29 नगर निगमों में से अधिकांश में बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है।  महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्‍द्र फडनवीस ने मुंबई में कहा कि महायुति गठबंधन ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में शासन और बुनियादी ढांचे के विकास के मुद्दे पर नगर निगम चुनाव लड़ा था। उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ जनादेश के लिए राज्य की जनता को धन्यवाद दिया।

राज्य चुनाव आयोग ने 11 नगर निगमों के नतीजे घोषित कर दिए हैं। महायुति गठबंधन को नवी मुंबई, उल्हासनगर, पनवेल, मालेगांव, धुले, जलगांव, अहिल्यानगर, कोल्हापुर और जालना में बहुमत मिला है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए की जीत पर जनता के प्रति खुशी और आभार व्यक्त किया। सोशल मीडिया पोस्ट में मोदी ने कहा कि विभिन्न नगर निगम चुनावों के परिणाम दर्शाते हैं कि एनडीए का महाराष्ट्र की जनता के साथ संबंध और भी मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एनडीए के कार्य-परिणाम और विकास के दृष्टिकोण ने जनता का दिल जीत लिया है। उन्होंने इस जीत को विकास की गति बढ़ाने और राज्य की गौरवशाली संस्कृति का जश्न मनाने के लिए दिया गया वोट बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने एनडीए के जनहितैषी सुशासन के एजेंडे को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया, जिन्होंने पूरे महाराष्ट्र में जनता के बीच अथक परिश्रम किया। श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने गठबंधन के पिछले रिकॉर्ड के बारे में बात की, आने वाले समय के लिए इसके दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला और विपक्ष के झूठ का प्रभावी ढंग से खंडन भी किया।