भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा है कि विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझान भाजपा के पक्ष में हैं और पार्टी असम तथा पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत से जीत हासिल करने जा रही है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने तृणमूल कांग्रेस की राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा के लिए एक बड़ा दिन है और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विरासत को श्रद्धांजलि है।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के रुझान भाजपा के पक्ष में उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों को दर्शाता है। श्री सुधांशु त्रिवेदी ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा, असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।
भाजपा नेता जी.वी.एल. नरसिम्हा राव ने विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए असम और पश्चिम बंगाल की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके विकास मॉडल को वोट दिया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों का स्वागत किया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए यह महत्वपूर्ण दिन है । श्री वीरेंद्र सचदेवा ने जनादेश के लिए जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की दूरदृष्टि को दर्शाती है और पश्चिम बंगाल में पार्टी के उल्लेखनीय प्रदर्शन को उजागर करती है।
इस बीच, भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सकारात्मक बदलाव के लिए मतदान किया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने तृणमूल कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति को नकार दिया है।