तेलंगाना में आगामी नगर निगम चुनाव से पहले, भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को निशाने पर लेते हुए “फर्जी गारंटी – झूठे वादे” शीर्षक से एक आरोप पत्र जारी किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव और राज्य में भाजपा के चुनाव प्रभारी महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ने यह आरोप पत्र जारी किया है।
भाजपा ने सत्ताधारी दल पर अपनी “छह गारंटियों” और 420 से अधिक चुनावी वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि राज्य वर्तमान में वित्तीय संकट से जूझ रहा है, जिसके कारण सरकारी कर्मचारियों के वेतन में देरी हो रही है। इसके अलावा, भाजपा ने कृषि, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य क्षेत्रों की उपेक्षा के लिए सरकार की आलोचना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिगड़ती कानून व्यवस्था और शहरी मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की।