जनवरी 28, 2026 7:37 पूर्वाह्न

printer

अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को वैश्विक प्रोत्साहन बताया

अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को भारतीय व्यापारियों, सूक्ष्म ,लघु एवं मध्यम उद्यमों और विनिर्माण क्षेत्र के लिए वैश्विक प्रोत्साहन बताया है। समझौते को देश की वैश्विक आर्थिक भागीदारी में महत्वपूर्ण बताते हुए परिसंघ ने कहा कि इससे यूरोपीय संघ के बाज़ारों में भारतीय वस्तुओं और सेवा पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौता शुल्क और गैर-शुल्क बाधाएं कम कर निर्यात को बढ़ावा देगा। इससे विनिर्माण और सेवाओं में अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित होगा, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह समझौता नए वैश्विक बाजार खोलकर सूक्ष्म ,लघु एवं मध्यम उद्यमों को मज़बूती देगा और वैश्विक एकीकरण द्वारा आत्मनिर्भर भारत की भविष्य योजना को सुदृढ़ करेगा।