राष्ट्रीय पोषण मिशन के 8वें संस्करण का आज उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में समापन होगा। इस भव्य समारोह में केंद्रीय महिला और बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि होंगी। केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि यह मिशन सुपोषित भारत-स्वस्थ भारत के संकल्प को मज़बूत करने में एक मील का पत्थर साबित हुआ है। 2018 में शुरू हुए इस मिशन के अंतर्गत अब तक 140 करोड़ से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा चुका है। इनमें इस वर्ष के पोषण माह के दौरान आयोजित 20 करोड़ से ज़्यादा कार्यक्रम शामिल हैं।
महिला और बाल विकास राज्य मंत्री ने कहा कि इस वर्ष के अभियान में मोटापा नियंत्रण, पोषण और शिक्षा, शिशु और बाल आहार में सर्वोत्तम अभ्यास, पुरुषों की भागीदारी, वोकल फ़ॉर लोकल और डिजिटल तकनीक के माध्यम से एकीकरण जैसे विषयों पर विशेष ज़ोर दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, शिक्षा और आयुष मंत्रालयों के बीच समन्वय ने इस मिशन को एक नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह मिशन जनभागीदारी का एक सशक्त उदाहरण बन गया है और मोटापे के प्रति जागरूकता एक नए जन-आंदोलन के रूप में उभरी है।