मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

जनवरी 26, 2025 4:54 अपराह्न | 76th Republic Day | India | Republic Day

printer

देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में जोश और उत्साह के साथ मनाया गया 76वाँ गणतंत्र दिवस

देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में आज जोश और उत्साह के साथ 76वाँ गणतंत्र दिवस मनाया गया। इन राज्य में झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, मिजोरम, नागालैंड शामिल हैं, वहीं केंद्र शासित प्रदेश में लक्ष्यद्वीप और अंडमान निकोवर शामिल हैं।
 
मिजोरम राज्य में आज पूरे हर्षोल्‍लहास के साथ 76वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। यह समारोह आइजोल शहर के मध्य असम राइफल्स के लामुअल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे लिए उन सभी महान पुरुषों और महिलाओं को याद करने का अवसर है जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता के संघर्ष में बलिदान दिया।
 
श्री सिंह ने कहा कि सरकार ने हाल ही में राज्य का प्रमुख कार्यक्रम “मिजोरम बना कैह (हैंडहोल्डिंग) योजना”  की शुरुआत की है। इस योजना का प्राथमिक उद्देश्य “विकसित भारत @ 1947” और संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में योगदान देना है।
 
डॉ. वी. के. सिंह ने कहा कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अंतर्गत मिजोरम में राज्य सरकार के स्वामित्व वाले विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रयासरत हैं। उन्‍होंने कहा कि मिजोरम युवा आयोग (एमवाईसी) कौशल गतिविधियों के लिए प्रतिबद्ध है।
 
 
नागालैंड ने आज देश के बाकी हिस्सों के साथ मिलकर 76वां गणतंत्र दिवस मनाया। इस अवसर पर राज्यपाल ला. गणेशन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। 
 
राज्यपाल गणेशन ने कहा कि पिछले दशकों में गणतंत्र की यात्रा ने दिखाया है कि संविधान ने लोगों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं को पूरा किया और उनका मार्गदर्शक रहा है।  
 
इस अवसर पर श्री गणेशन ने मुख्यमंत्री के मोबाइल ऑपरेशन थियेटर को भी हरी झंडी दिखाई और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का उद्घाटन किया।
 
 
केन्‍द्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 76वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उपराज्यपाल एडमिरल डीके जोशी (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। एडमिरल डीके जोशी ने कहा कि द्वीपों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं चल रही हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन श्री विजयपुरम स्थित मरीना पार्क में किया गया।
 
 
तेलंगाना में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे राज्य में देशभक्ति के जोश और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाया जा रहा है। तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया। इस अवसर पर राज्य के लोगों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने लोगों से एक साथ मिलकर एक ऐसा तेलंगाना बनाने का आह्वान किया जो पूरे देश के लिए एक मिसाल कायम करे।
 
राज्यपाल ने लोगों को आश्वस्त किया कि हर कदम आगे बढ़ने के साथ, स्वतंत्रता, समानता और न्याय शासन के केंद्र में रहेंगे और राज्य को अधिक समृद्धि और सद्भाव की ओर ले जाएंगे।
 
राज्यपाल ने पिछले एक साल के दौरान राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित उठाए गए कदमों को भी याद किया। कृषि को राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने 25 लाख से अधिक किसानों के कर्ज माफ किए हैं और कृषि मजदूरों को इंदिराम्मा का आध्यात्मिक आश्वासन दिया है। 
 
 
मध्य प्रदेश में 76वां गणतंत्र दिवस पारंपरिक हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मध्य प्रदेश का मुख्य समारोह राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में हुआ।
 
राज्य के सभी जिलों में गणतंत्र दिवस पर आकर्षक परेड के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में पुलिस बैंड आकर्षण का केंद्र रहा।
 
 
ओडिशा में राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने आज सुबह भुवनेश्वर के महात्मा गांधी मार्ग पर राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर राज्‍य के मुख्‍यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से ओडिशा अगले पांच वर्षों राज्‍य के विकास का स्वर्णिम दौर देखने को मिलेगा।
 
 
झारखंड में 76वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति के जोश के साथ आज मनाया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राज्यपाल ने वीरता और पराक्रम के लिए 44 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पदक से सम्मानित भी किया। उन्होंने सुरक्षा बलों और पुलिस की परेड का निरीक्षण भी किया। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में मुख्‍य समारोह आयोजित किया गया। इस बीच, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उप-राजधानी दुमका के पुलिस लाइन मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के हित में फैसले ले रही है।
 
 
76वां गणतंत्र दिवस पश्चिम बंगाल में गर्व के साथ मनाया गया। इस मौके पर राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्य राजकीय समारोह कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित किया गया है। सेना, नौसेना, वायु सेना, कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस की मार्चिंग टुकड़ियों ने अपनी वीरता और अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों का प्रदर्शन किया।
 
 
छत्तीसगढ़ में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गर्व के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। राज्यपाल रमन डेका ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और समारोह को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि पिछले करीब एक साल में हमारे जवानों ने माओवादियों की कमर तोड़ दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा संभाग के मुख्यालय अंबिकापुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। 
 
 
अरुणाचल प्रदेश ने आज 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल केटी परनायक (सेवानिवृत्त) ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जनता को संबोधित करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल केटी परनायक (सेवानिवृत्त) ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनने के भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप बड़ी प्रगति कर रहा है। मुख्य राजकीय समारोह राजधानी ईटानगर के आईजी पार्ट में आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने औपचारिक मार्च पास्ट किया। 
 
 
महाराष्ट्र में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश के साथ मनाया गया। राज्य के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने दादर के छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सभी क्षेत्रों में अग्रणी है। उन्होंने दोहराया कि महाराष्ट्र प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के लिए सबसे पसंदीदा गंतव्य बना हुआ है और एफडीआई आकर्षित करने में देश में शीर्ष पर है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य में नई सरकार द्वारा अगले 100 दिनों के भीतर जन कल्याणकारी पहलों में तेजी लाने के लिए सभी विभागों को एक रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया गया है। 
 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में अपने आधिकारिक निवास वर्षा बंगले में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुंबई में मंत्रालय, बीएमसी मुख्यालय, पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे मुख्यालय जैसी महत्वपूर्ण इमारतों को तिरंगे की रोशनी में रोशन किया गया है।
 
 
त्रिपुरा राज्य में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे देशभक्ति के जोश, धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू ने असम राइफल्स, परेड ग्राउंड में मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय तिरंगा फहराया। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजधानी अगरतला में असम राइफल्स के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया।
 
राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और त्रिपुरा नेतृत्व के समर्पण से राज्य स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कृषि और सभी समुदायों के कल्याण क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। 
 
श्री नल्लू ने कहा कि राज्य सरकार महिला साक्षरता को प्रोत्साहित करती है और पीएम विद्यालक्ष्मी योजना के तहत वित्तीय सहायता भी सुनिश्चित करेगी। उन्‍होंने कहा कि मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी प्रदान करने के लिए ‘मुख्यमंत्री कोन्या आत्मनिर्भर योजना’ शुरू की गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सैकड़ों छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य था, जिन्होंने पारंपरिक परिधान पहनकर भाग लिया।
 
 
 
बिहार में 76वां गणतंत्र दिवस पारंपरिक उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्य राज्य स्तरीय आधिकारिक समारोह पटना के गांधी मैदान में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया।
 
उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि अब तक शिक्षा क्षेत्र सहित 9 लाख स्थायी सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 12 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। 
 
समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सीआरपीएफ, एसएसबी, सेना, बिहार पुलिस और एनसीसी के कैडेटों ने मनमोहक परेड का प्रदर्शन किया।
 
राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक और ज्ञानवर्धक झांकी ने बिहार में कई मील के पत्थर और प्रगति उपलब्धियों को दर्शाया।
 
 
 
जम्मू-कश्मीर में, श्रीनगर में पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ 76वां गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न हुआ। मुख्‍य समारोह जम्‍मू के मौलाना आजद स्‍टेडियम में हुआ, जहां इसकी अध्‍यक्षता उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने की। उन्‍होंने राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया और परेड की सलामी ली। उपमुख्यमंत्री सुरेन्‍द्र कुमार चौधरी ने श्रीनगर में बख्‍शी स्‍टेडियम में आयोजित मुख्‍य समारोह में तिरंगा फहराया।  उन्‍होंने अपने संबोधन में कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का मुकुट बना हुआ है और प्रगति और विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार इस यात्रा को जोश और उत्साह के साथ आगे ले जाएगी। इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, एनसीसी कैडेट और स्कूली बच्चों की टुकड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
 
स्टेडियम में आयोजित समारोह में सभी क्षेत्रों के लोगों, सरकारी अधिकारियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, सामान्य कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और अन्य लोग शामिल हुए। 
 
 
 
कर्नाटक में 76वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति के जोश और सांस्कृतिक भावना के साथ मनाया गया। राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि देश के संविधान को ऐतिहासिक बतया और कहा कि संवधिान देश के लोगों के लिए मार्गदर्शक है। 
 
 
 
पंजाब में 76वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम लुधियाना में आयोजित किया गया, जहां पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
 
शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए राज्यपाल ने कहा कि पंजाब हमारे देश का एक गौरवशाली और समृद्ध राज्य है, जिसने अपनी बहादुरी, पराक्रम, मेहनत और सांस्कृतिक विरासत से पूरे भारत को प्रेरित किया है।
 
इस बीच, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पटियाला में ध्वजारोहण किया और राज्य में हुए विभिन्न विकासों पर जोर दिया।
 
 
 
राजस्थान में 76वां गणतंत्र दिवस पारंपरिक हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए 17 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। उधर, राजधानी जयपुर में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने तिरंगा फहराया। भरतपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद्र बैरवा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। प्रदेश के जिलों में प्रभारी मंत्रियों व जिला कलेक्टरों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
 
विभिन्न संस्थाओं व संगठनों में भी गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मौजूद रहीं।
 
 
 
76वां गणतंत्र दिवस गुजरात में बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राष्ट्रीय तिरंगा फहराया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी इस भव्य समारोह में शामिल हुए।