मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जुलाई 29, 2025 11:02 पूर्वाह्न

printer

थाईलैंड ने कंबोडिया पर संघर्ष विराम समझौते के उल्लंघन का लगाया आरोप

थाईलैंड ने कंबोडिया पर कल के संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। रॉयल थाई आर्मी के प्रवक्ता मेजर जनरल विन्थाई सुवारी ने कहा है कि पाँच दिनों से चल रही लड़ाई को समाप्त करने के समझौते के बावजूद संघर्ष जारी रहा। उन्‍होंने कहा कि कंबोडिया ने रात भर कई जगहों पर थाई क्षेत्र पर हमला किया।

 

थाईलैंड इसे समझौते का जानबूझकर किया गया उल्लंघन मानता है, जिसका उद्देश्य एक-दूसरे के बीच विश्वास को नष्ट करना है। श्री विन्थाई ने यह भी कहा कि थाई सेना ने आधी रात को तुरंत गोलीबारी बंद कर दी थी, लेकिन उसने कंबोडिया की कार्रवाई का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि थाईलैंड ने आक्रमण करने के लिए सैन्य बल का प्रयोग नहीं किया, बल्कि अतिक्रमण को रोकने और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत राष्ट्रीय संप्रभुता बनाए रखने के लिए किया।

   

दोनों पक्ष कल मलेशिया में वार्ता के बाद तत्काल और बिना शर्त युद्धविराम पर सहमत हुए थे, जिसका उद्देश्य एक दशक से भी अधिक समय में पड़ोसी देशों के बीच सबसे भीषण लड़ाई को रोकना था। गुरुवार को दोनों देशों की सीमा पर झड़पों में 38 लोग मारे गए थे और तीन लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।