पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है। इस स्थिति में कतर के प्रमुख ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर मिसाइल हमलों के बाद अमरीका ने ईरान को कड़ी चेतावनी जारी की है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि कतर की सुविधाओं पर ईरान के किसी भी और हमले का अमरीका कड़ा जवाब देगा।
उन्होंने चेतावनी है कि अगर ऐसे हमले जारी रहे तो वह ईरान के दक्षिण स्थित पार्स गैस क्षेत्र को उड़ा सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस्राएल उसी ईरानी ऊर्जा स्थल पर और हमले नहीं करेगा।
कतर ने अपने रास लाफान औद्योगिक शहर पर हुए ताजा हमलों के जवाब में तेजी से कार्रवाई की है जिससे उसकी मुख्य गैस सुविधाओं को व्यापक नुकसान पहुंचा है और भीषण आग लग गई है।
दोहा ने ईरान के सैन्य और सुरक्षा अताशी को देश छोड़ने का आदेश दिया है और हमले को संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन तथा क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बताया है।
ये घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब होर्मुज जल-डमरू-मध्य लगभग बंद हो गया है। इससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों में उथल-पुथल मच गई है। उधर, ईरान के राष्ट्रपति ने अनियंत्रित परिणामों की चेतावनी भी दी है।