अप्रैल 22, 2026 9:34 अपराह्न

printer

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मतदान की तैयारियां पूरी, वोटिंग कल

तमिलनाडु की मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक ने कहा है कि राज्‍य में कल होने वाले चुनाव की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों की समीक्षा के बाद आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे राज्‍य में 33,133 स्थानों पर स्थापित 75 हजार 64 मतदान केंद्रों पर कुल 573 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
 
पहली बार मतदान करने वाले 14 लाख मतदाताओं का स्वागत करते हुए श्रीमती पटनायक ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने मतदान को यादगार बनाने के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं। मतदान के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए आयोग ने कई विशेष मतदान केंद्र शुरू किए हैं, जैसे 249 मॉडल मतदान केंद्र, 345 महिला, 71 दिव्यांगजन और 79 युवा-संचालित मतदान केंद्र।
 
उन्होंने बताया कि कल एक लाख 60 हजार 418 बैलेट यूनिट, 75 हजार 64 कंट्रोल यूनिट और इतनी ही संख्या में वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जाएगा।
 
प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताते हुए श्रीमती पटनायक ने कहा कि लगभग 1,262 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं, जिनमें से कुल 543 करोड़ रुपये की वास्तविक जब्ती हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि जिन मामलों में जब्ती हुई है, उन सभी में एफआईआर दर्ज की गई है और उचित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। डिजिटल क्षेत्र में, उन्होंने कहा कि निगरानी प्रकोष्ठ सक्रिय रहा है, जिसके परिणामस्वरूप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने उल्लंघन के लिए 2180 यूआरएल ब्लॉक किए हैं।
 
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कल 16 जिलों के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। 2,958 सहायक बूथ सहित 44,376 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। 
 
आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कुल 2,407 टीमें तैनात की गई हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्‍यवस्‍था की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं के मतदान केन्‍द्रों तक पहुंचने में बाधाएं उत्‍पन्‍न करने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाही की जाएगी। एहतियात के तौर पर संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। त्वरित प्रतिक्रिया दल भी तैनात किए गए हैं।
 
सभी मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं और मतदाता सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इन केंद्रों पर पेयजल, छायादार प्रतीक्षा क्षेत्र, शौचालय और बैठने की व्यवस्था होगी। मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार के बाहर मतदाताओं के लिए मोबाइल फोन जमा करने की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना बूथ नंबर और सीरियल नंबर ढूंढने में सहायता के लिए प्रत्येक केंद्र पर मतदाता सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला