तमिलनाडु में, तमिलग् वेत्री कड़गम (टी.वी.के.) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने आज लोकभवन में राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की और 120 विधायकों के समर्थन के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री विजय कल सवेरे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह सवेरे 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में होगा, जहां राज्यपाल श्री विजय के नए मंत्रिमंडल को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में टीवीके 108 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में पार्टी को नई सरकार के गठन के लिए 118 सीट की आवश्यकता है। चेन्नई में आज संवाददाताओं से बातचीत में टी.वी.के. नेता अधव अर्जुन ने बताया कि वी.सी.के. और आई.यू.एम.एल. दोनों ने सरकार गठन के लिए उसे बिना शर्त समर्थन दिया है।
दो विधानसभा क्षेत्रों से जीत हासिल करने वाले विजय को एक सीट खाली करनी होगी, जिससे टीवीके की संख्या घटकर 107 रह जाएगी। हालांकि, टी.वी.के. पार्टी को कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, वी.सी.के. और आई.यू.एम.एल. से कुल 13 विधायकों का समर्थन मिल चुका है। इनमें कांग्रेस के पांच और अन्य सहयोगी पार्टियों के दो-दो विधायक हैं।