दिल्ली सरकार की कथित नाकामियों के संबंध में भाजपा विधायकों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ज्ञापन पर कार्यवाही करने के लिए गृह मंत्रालय को भेज दिया है। यह जानकारी दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने आज एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी है। श्री गुप्ता ने बताया है कि दिल्ली में लगातार हो रहे कथित संवैधानिक उल्लंघनों और आम आदमी पार्टी सरकार की कथित विफलताओं को लेकर भाजपा विधायकों के दल ने 30 अगस्त को राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि दिल्ली सरकार के खिलाफ गृह मंत्रालय द्वारा उचित कार्रवाई की जायेगी।
वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। सुश्री आतिशी ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी चुनी हुई सरकारों को गिराने का काम करती है। उन्होंने कहा है कि भाजपा दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधायकों को खरीद और तोड़ नहीं पाई, इसलिए वह इस तरह के आरोप लगा रही है।