श्रीलंका में पर्यटकों की संख्‍या में लगातार वृद्धि, 20 लाख पर्यटकों का आंकड़ा पार

श्रीलंका में पर्यटकों की संख्‍या में लगातार वृद्धि हो रही है। इस वर्ष देश ने 20 लाख पर्यटकों का आंकड़ा पार कर लिया है। कल भंडारनायके अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्रांस के दो पर्यटकों के आने के साथ ही इस वर्ष यह उपलब्धि पूरी हो गई। भारत, ब्रिटेन, रूस, जर्मनी और चीन से लगातार पर्यटकों के आने के कारण इस वर्ष 23 लाख से अधिक पर्यटकों के आगमन की उम्मीद है।

 

इस वर्ष 12 नवंबर तक 4 लाख 43 हजार से अधिक भारतीय पर्यटक श्रीलंका का दौरा कर चुके हैं, जो कुल पर्यटकों के आगमन का 22.5 प्रतिशत है। श्रीलंका ने वर्ष 2025 के लिए 25 लाख पर्यटकों के आगमन का लक्ष्य रखा था, जबकि वर्ष 2024 में 2.5 लाख से ज्‍यादा पर्यटकों का आगमन हुआ, श्रीलंका के वर्ष 2022 के गंभीर आर्थिक संकट से उबरने के बाद पर्यटकों की यह बढ़ती संख्‍या महत्‍वपूर्ण उपलब्धि है।