अप्रैल 1, 2026 3:33 अपराह्न

printer

श्रीलंका में भारतीय पर्यटकों को बढ़ावा, नई वीज़ा पहल में मुफ्त प्रवेश जारी

श्रीलंका में सबसे अधिक भारतीय पर्यटक जाते हैं। इसको बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई एक नई वीज़ा पहल के तहत भारतीयों को पहले की तरह ही मुफ़्त प्रवेश मिलता रहेगा।

श्रीलंका के मंत्रिमंडल के प्रवक्ता नलिंदा जयतिस्सा ने कहा है कि श्रीलंका छह महीने का एक कार्यक्रम शुरू करेगा जिसके अंतर्गत भारत, चीन, रूस, ब्रिटैन, अमरीका, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया सहित 39 देशों के पासपोर्ट धारकों को मुफ़्त पर्यटक वीज़ा दिया जाएगा।

पर्यटन प्रोत्साहन उपायों के तहत भारतीय यात्रियों को पहले से ही मुफ़्त इलेक्ट्रॉनिक यात्रा प्राधिकरण मिल रहा था, और इस नए कार्यक्रम से उन्हें वीज़ा शुल्क का भुगतान किए बिना यात्रा जारी रखने की अनुमति मिलेगी।

श्री जयतिस्सा ने कहा कि आव्रजन और उत्प्रवास अधिनियम के तहत तैयार किए गए मसौदा नियमों को संसद में अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस कदम से पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा।

श्रीलंका में 2025 में लगभग 23 लाख पर्यटक आए, इनमें सबसे अधिक भारतीय पर्यटक थे, जो कुल पर्यटकों का लगभग पाँचवाँ हिस्सा था।