प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा कल सुबह राज्य स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के सुभाष नगर खेल मैदान से इसका शुभारंभ करेंगे। राज्य स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा में विशिष्ट अतिथि के रूप में ओलम्पियन विवेक सागर और ऐश्वर्य प्रताप सिंह सहभागिता करेंगे। ओलम्पियन ऐश्वर्य और ओलम्पियन विवेक सागर प्रदेश के युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल मंत्री विश्वास सारंग करेंगे। इस भव्य तिरंगा यात्रा में लगभग 5000 खिलाड़ी और स्कूली बच्चे प्रतिभागिता करेंगे। कार्यक्रम में पुलिस बैंड, साइकिल ग्रुप और स्केटर्स भी शामिल होंगे। हर घर तिरंगा अभियान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भोपाल के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवार जनों को तिरंगा यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व सम्मानित किया जाएगा।