तमिलनाडु में जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली नव निर्वाचित टीवीके सरकार के लिए होने वाले विश्वास परीक्षण से पहले राज्य की राजनीतिक स्थिति नाटकीय रूप से बदल गई है। ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी सरकार को समर्थन देने के मुद्दे पर दो गुटों में बंट गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी महासचिव एडप्पाडी के. पलनीस्वामी के नेतृत्व वाले गुट ने पार्टी विधायकों को टीवीके सरकार का समर्थन न करने का निर्देश दिया है। वरिष्ठ नेता एग्री कृष्णमूर्ति ने चेतावनी दी है कि पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने वाले किसी भी विधायक को निष्कासित कर दिया जाएगा।
इस बीच, 30 विधायकों के समर्थन का दावा करने वाले एक अन्य गुट ने एस. पी. वेलुमणि को ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी विधायक दल का नेता चुना है। इस गुट के नेताओं ने पूर्व मंत्री सी. वी. षनमुगम के आवास पर हुई बैठक के बाद संवाददाताओं से मुलाकात की है। श्री षनमुगम ने घोषणा की कि यह गुट विश्वास मत के दौरान टीवीके सरकार का समर्थन करेगा।
सरकार को, अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कड़गम के एकमात्र विधायक एस. कामराज का भी समर्थन प्राप्त है, जिन्हें आज ही उनकी पार्टी से निष्कासित किया गया है।
मुख्यमंत्री जोसेफ विजय कल से ही फ्लोर टेस्ट से पहले समर्थन जुटाने के लिए सहयोगी दलों के नेताओं से बैठकें कर रहे हैं। ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी के अलग हुए गुट और उसके सहयोगियों के समर्थन से टीवीके सरकार को विधानसभा में लगभग 150 विधायकों का समर्थन मिलने की उम्मीद है।