प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सोमनाथ मंदिर गौरवशाली और शाश्वत है और देश के सभ्यतागत साहस और अटूट भक्ति का प्रतीक है। श्री मोदी ने आज गुजरात में पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लिया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि पवित्र सोमनाथ मंदिर में लहराता ध्वज भारत की आस्था की विजय का प्रतीक है और लाखों भारतीयों की सामूहिक चेतना की दिव्य घोषणा भी है। उन्होंने कहा कि यह ध्वज सदा देश की शान का गुणगान करेगा और प्रत्येक नागरिक को प्रेरित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक हजार वर्ष पहले सोमनाथ पर पहला हमला हुआ था। श्री मोदी ने कहा कि ऐसे हमलों को अंजाम देने वालों का मानना था कि वे देश की भूमि की आत्मा को चकनाचूर कर सकते हैं, लेकिन वे गलत थे। उन्होंने कहा कि तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की उपस्थिति में नवनिर्मित सोमनाथ मंदिर के द्वार खुले, और उन्होंने विश्व को यह संदेश दिया कि हमलावर भले ही इतिहास की धूल में विलीन हो गए हों, लेकिन भारत की आत्मा अमर है।