राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज 6 नए सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन – सी.ए.ए.क्यू.एम.एस का ऑनलाइन उद्घाटन किया। साथ ही, सौ वायु रक्षक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर, श्रीमती गुप्ता ने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ अभियान केवल सर्दियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे वर्ष लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नए स्टेशन जेएनयू, इग्नू, एनएसयूटी के वेस्ट कैंपस, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, दिल्ली कैंट और तालकटोरा गार्डन में स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने ये भी जानकारी दी कि अब दिल्ली में इन स्टेशनो की कुल संख्या बढ़कर 46 हो गई है।
इस अवसर पर उपस्थित दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि वायु रक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि नियम सिर्फ कागज़ों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीन पर लागू हों। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को केवल एक सेक्टर से नहीं, बल्कि वाहन, सड़क निर्माण, धूल नियंत्रण और पौधारोपण, सभी मोर्चों पर एकसाथ नियंत्रित किया जा रहा है।