मई 9, 2026 5:38 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 25वीं वर्षगांठ पर होगा रजत जयंती समारोह का आयोजन

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पी.एम.जी.एस.वाई.) की 25वीं वर्षगांठ पर कल मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भैरुंदा में रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। केन्‍द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्‍यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण का शुभारंभ भी किया जाएगा। इस अवसर पर श्री चौहान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को राज्‍य में 973 सड़कों के लिए वित्तीय आवंटन और स्‍वीकृति पत्र सौंपेंगे। इन सड़कों की कुल लंबाई दो हजार एक सौ किलोमीटर से अधिक होगी।

ग्रामीण विकास मंत्रालय ने बताया कि इन परियोजनाओं से राज्य की 987 बस्तियों को लाभ होगा। मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान पहल के अंतर्गत 384 किलोमीटर से अधिक की सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी दी जाएगी, जिनसे 168 पिछड़ी बस्तियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

समारोह में श्री चौहान वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 18 हजार 907 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा करेंगे। मंत्रालय ने बताया कि इसमें से 830 करोड़ रुपये मध्य प्रदेश के विकास के लिए हैं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि इस आवंटन से ग्रामीण संपर्क को और मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और कृषि बाजारों तक पहुंच में सुधार लाने की उम्मीद है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला