मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अक्टूबर 12, 2024 9:00 अपराह्न

printer

सिक्किम के मुख्‍यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा उद्घाटित 75 आधारभूत परियोजनाओं की सराहना की

सिक्किम के मुख्‍यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा आज उद्घाटित 75 आधारभूत परियोजनाओं की सराहना की है। उन्‍होंने कहा कि ये परियोजनाएं सीमा क्षेत्रों में बुनियादी संरचना के कार्य को आगे बढाने और राष्‍ट्रीय सुरक्षा को सशक्‍त बनाने की दिशा में एक महत्‍वपूर्ण कदम है।

 

    मुख्‍यमंत्री ने दो हजार दो सौ 36 करोड़ रूपये की लागत की सीमा सडक संगठन की 75 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के वर्चुअल उद्घाटन और लोकार्पण कार्यक्रम में भागीदारी की। रक्षा मंत्री ने पश्चिम बंगाल के सुकना में त्रिशक्ति कोर मुख्‍यालयों की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्‍होंने शेरेथांग की मेजबानी में सिक्किम के स्‍थानीय कार्यक्रम में भी भागीदारी की। इस कार्यक्रम का मुख्‍य आकर्षण सिक्किम के कुपुप-शेरेथांग सड़क का उद्घाटन था। यह परियोजना जवाहरलाल नेहरू मार्ग और जुलूक एक्सिस के बीच एक महत्‍वपूर्ण संपर्क होगी।

 

    वर्चुअल उद्घाटन में भागीदारी के बाद सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री तमांग ने लिखा कि देशभर में विकसित 75 रणनीतिक मूलभूत संरचनाओं में से छह परियोजनाएं सिक्किम से संबंधित हैं। केंद्र सरकार की दूरगामी पहल के रूप में इन परियोजनाओं की सराहना करते हुए उन्‍होंने कहा कि यह उपलब्धि हमारे सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्‍ट्रीय सुरक्षा को सशक्‍त बनाने और मूलभूत संरचना के कार्य को आगे बढाने में एक महत्‍वपूर्ण कदम है।

 

    22 सडक, 51 पुल और दो अन्‍य बुनियादी ढांचे 11 सीमावर्ती राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैले हुए हैं। जम्‍मू कश्‍मीर में 19 परियोजनाएं,  अरूणाचल प्रदेश में 18 परियोजनाएं, लद्दाख में 11, उत्तराखंड में 9, सिक्किम में 6, हिमाचल प्रदेश में 5, राजस्‍थान और पश्चिम बंगाल में दो-दो और नागालैंड, मिजोरम और अंडमान तथा निकोबार द्वीप में एक-एक परियोजनाएं हैं।