श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आज योगेश्रवर भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा सहित पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मथुरा और वृन्दावन में देश और दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने पहुंचे हैं। समूचा ब्रज क्षेत्र जन्माष्टमी के उमंग से सराबोर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आज सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने कान्हा को पंचामृत स्नान कराया और भोग प्रसाद अर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने पांच हजार वर्ष पूर्व धर्म के पथ का अनुसरण करने, सत्य और न्याय का संदेश दिया था।