केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई चेतना के तीसरे चरण के अंतर्गत 13 राज्यों में दो सौ 27 जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने सभी से देश में लिंग आधारित हिंसा को खत्म करने के लिए अपनी आवाज उठाने का आग्रह किया।
महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि मिशन का उद्देश्य सभी लिंगों के अधिकारों को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य देश के सभी लिंगों के बीच हिंसा के डर को खत्म करना भी है। इस वर्ष महीने भर चलने वाला यह अभियान 23 दिसंबर तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलेगा।
इस वर्ष के अभियान का नारा है “एक साथ, एक आवाज, हिंसा के खिलाफ।” इसका आयोजन ग्रामीण विकास मंत्रालय के तत्वावधान में दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा किया जा रहा है।