सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी भारत के पांच दिवसीय दौरे पर आज प्रथम महिला श्रीमती वेरोनिक हर्मिनी के साथ मुंबई पहुंचे। सेशेल्स के राष्ट्रपति ने केंद्रीय पत्तन, पोत-परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल से मुलाकात की और बाद में भारतीय उद्योग परिसंघ-सीआईआई द्वारा आयोजित भारत-सेशेल्स व्यापार गोलमेज सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए हर्मिनी ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में भारत-सेशेल्स संबंध मजबूत हुए हैं और उनका देश सहयोग बढ़ाने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि सेशेल्स भारत को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में देखते हुए उसका बहुत सम्मान करता है। श्री सोनोवाल ने कहा कि दोनों देशों के बीच लोगों के आपसी संबंधों और समुद्री संपर्कों पर आधारित एक विश्वसनीय साझेदारी है। इसका विस्तार स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, समुद्री सुरक्षा और आपदा राहत में सहयोग तक हो चुका है। उन्होंने कहा कि बढ़ता व्यापार, भारतीय निवेश, मुंबई-माहे की सीधी कनेक्टिविटी और भारत की बंदरगाह-आधारित विकास पहल आर्थिक और रणनीतिक सहयोग के नए अवसर पैदा कर रही हैं। सेशेल्स के विदेश मामलों और प्रवासी मामलों के मंत्री बैरी फॉरे और वित्त, आर्थिक योजना, व्यापार और निवेश मंत्री पियरे लापोर्टे भी दोनों पक्षों के व्यापारिक नेताओं के साथ उपस्थित थे।