दिसम्बर 2, 2025 9:17 अपराह्न | Agreement | India | RussianPresident

printer

रूस राष्ट्रपति की नई दिल्‍ली यात्रा के दौरान भारत और रूस के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आगामी भारत यात्रा के दौरान दोनों देश कई समझौतों पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। दिल्‍ली में एक ऑनलाइन संवाददाता सम्‍मेलन में श्री पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बताया कि मिसाइल रक्षा प्रणाली एस-400 और लड़ाकू विमान एसयू-57 राष्ट्रपति की यात्रा के एजेंडे में शीर्ष पर हैं। उन्‍होंने कहा कि श्री पुतिन की भारत यात्रा का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।

श्री पुतिन रूस में भारतीय आयात बढ़ाने की संभावनाओं पर संयुक्त रूप से विचार कर रहे हैं। श्री पेसकोव ने बताया कि दोनों देशों का व्यापार बढ़कर 63 अरब डॉलर हो गया है और 2030 तक यह 100 अरब डॉलर तक पहुँच जाएगा।

अमरीका के शुल्‍क पर श्री पेसकोव ने कहा कि रूस समझता है कि भारत पर दबाव है। उन्होंने कहा कि दो देशों के संबंध किसी भी तीसरे देश के प्रभाव से मुक्त होने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत ऐतिहासिक रूप से रूस का अच्छा मित्र है और रूस को भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने पर गर्व है।