मार्च 31, 2026 9:29 अपराह्न

printer

नई दिल्ली के भारत मंडपम में सात दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव सम्पन्न

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित सात दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आज सम्‍पन्‍न हो गया है। सात दिन तक चले इस महोत्सव में दुनिया भर की 125 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जो भारत के वैश्विक सिनेमा कैलेंडर में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मीडिया से बातचीत में फिल्म निर्माता इम्तियाज अली ने अपने अनुभव को बेहद प्रेरणादायक बताया। उन्होंने महोत्सव के आयोजन की सराहना की और आयोजकों को इसकी सफलता पर बधाई दी।

इस बीच, फिल्म निर्माता गुनीत मोंगा ने भी मीडिया के साथ अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने  इस अवसर को घर वापसी बताया और कहा कि वैश्विक स्तर पर सफलता प्राप्त करने के बावजूद घर पर मिलने वाली खुशी और संतुष्टि का कोई सानी नहीं है।

आकाशवाणी से बातचीत में, अभिनेत्री शीबा चड्ढा ने इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी को सुखद अनुभव बताया। इस महोत्सव का उद्देश्य रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना, फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करना, उभरती प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करना और फिल्म निर्माताओं के लिए साझा मंच उपलब्ध कराना था।