जापान और चीन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बीजिंग में बैठक की

जापान और चीन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आज चीन की राजधानी बीजिंग में बैठक की। यह बैठक जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की ताइवान पर हाल की टिप्पणी के बाद दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई। इसमें द्विपक्षीय संबंधों में तनाव पैदा हो गया है। जापान के विदेश मंत्रालय के एशियाई और महासागरीय मामलों के ब्यूरो के प्रमुख मासाकी कनाई ने द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा के लिए चीनी समकक्ष लियू जिनसोंग से मुलाकात की। चर्चा का उद्देश्‍य दोनों पड़ोसी देशों के बीच पर्यटन, शिक्षा और मनोरंजन के आदान-प्रदान को प्रभावित करने वाले राजनयिक विवाद को कम करना है। इस बीच चीन स्थित जापान के दूतावास ने अपने नागरिकों से दोनों देशों के बीच तनाव के बीच अत्यधिक सावधानी बरतने और भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचने का आग्रह किया है। एक अन्य घटनाक्रम में जापान में अमरीका के राजदूत जॉर्ज ग्लास ने सेनकाकू द्वीप समूह के पास जापान के क्षेत्रीय जल में चार चीनी तटरक्षक जहाजों के प्रवेश की खबरें सामने आने के बाद पूर्वी एशियाई राष्ट्र की रक्षा के लिए वाशिंगटन की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।