तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए गठबंधन के बीच सीट बंटवारे का समझौता हो गया है। चेन्नई में हुई बैठक की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल और ए.आई.ए.डी.एम.के. के महासचिव ई.पलनीसामी ने की। समझौते के अनुसार, एआईएडीएमके 178, भाजपा 27, डॉ. अंबुमणि रामदास के नेतृत्व वाले पीएमके गुट 18 और टीटीवी दिनाकरन के नेतृत्व वाली अम्मा मक्कल मुन्नेत्र काच्ची 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मीडिया से बातचीत में श्री गोयल ने कहा कि एनडीए गठबंधन महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार और दिल्ली की तरह तमिलनाडु में भी शानदार जीत हासिल करेगा।
कांग्रेस और डीएमके ने भी कल सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई ने कहा कि पार्टी राज्यसभा की एक और विधानसभा की 28 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
इसी बीच पु्द्दुचेरी में भी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और डीएमके के बीच सीट बंटवारा हो गया है। कांग्रेस 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि डीएमके को बाकी 14 सीटें आवंटित की गई हैं।