ईरान और अमरीका के बीच 8 अप्रैल से शुरू हुए दो सप्ताह के युद्धविराम के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री यातायात प्रतिबंधित है, और परिवहन गतिविधियाँ अब भी सामान्य से काफी कम हैं। उद्योग क्षेत्र के अनुमान के अनुसार संकट से पहले के स्तर की तुलना में यातायात में लगभग 95 प्रतिशत की गिरावट आई है और केवल सीमित संख्या में जहाज ही ईरान की कड़ी निगरानी में चल रहे हैं। वर्तमान में हार्मुज पार कर रहे अधिकांश जहाज ईरान से जुड़े हैं, तथाकथित ‘डार्क फ्लीट’ का हिस्सा हैं या उन देशों के ध्वज फहरा रहे हैं जिन्हें ईरान शत्रु नहीं मानता। इनमें रूस और चीन शामिल हैं।
शिपिंग सूत्रों का कहना है कि जिन जहाजों को आवागमन की अनुमति है, उन्हें मानक अंतरराष्ट्रीय शिपिंग लेन का उपयोग करने के बजाय इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की निगरानी में ईरानी तटरेखा के साथ एक संकरे उत्तरी गलियारे से होकर भेजा जा रहा है। इस बीच, 800 से अधिक भारी वाणिज्यिक जहाज जलडमरूमध्य के पश्चिम में फंसे हुए हैं। शिपिंग कंपनियों को कानूनी और वित्तीय जोखिमों का भी सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि पारगमन शुल्क का भुगतान प्रतिबंधों के साथ टकराव पैदा कर सकता है, जबकि बीमा के बिना नौकायन करने से ऑपरेटरों को भारी नुकसान हो सकता है।
News On AIR | अप्रैल 10, 2026 8:41 अपराह्न | Iran and the US
ईरान और अमरीका के बीच युद्धविराम के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री यातायात प्रतिबंधित