भारतीय स्टेट बैंक-एसबीआई ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 50 करोड़ डॉलर के सिंडिकेटेड सामाजिक सावधि ऋण की घोषणा की। यह सुविधा विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित है और इसमें ग्रीनशू विकल्प भी उपलब्ध है।
एसबीआई के अनुसार यह सिंडिकेटेड लेनदेन महिला सशक्तिकरण के लिए एसबीआई और वैश्विक पर्यावरण, सामाजिक और शासन वित्तपोषण परिदृश्य के लिए एक मील का पत्थर है। संयुक्त राष्ट्र का सतत विकास लक्ष्य 5 लैंगिक समानता सुनिश्चित करने और महिलाओं तथा लड़कियों को सशक्त बनाने पर केंद्रित है, जो सतत विकास के लिए अनिवार्य है।
एसबीआई के अध्यक्ष सी एस सेट्टी ने कहा कि यह ऐतिहासिक सामाजिक ऋण पर्यावरण, सामाजिक और शासन सिद्धांतों के प्रति एसबीआई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें महिलाओं के लिए समान अवसर सृजित करना शामिल है। बैंक का मानना है कि सच्ची प्रगति न केवल आर्थिक विकास पर निर्भर करती है, बल्कि सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन लाने, महिलाओं को सशक्त बनाने और सभी हितधारकों के लिए एक समावेशी समाज का निर्माण करने की क्षमता पर भी निर्भर करती है।