दिल्ली की सुंदर नर्सरी में सरस फूड महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस महोत्सव में आगंतुक सिर्फ़ खाना ही नहीं चख रहे हैं, बल्कि वे भारत की पाककला विरासत की विविधता का अनुभव भी कर रहे हैं, जिसे देश भर की ग्रामीण महिलाओं ने अपने कौशल से जीवंत किया है।
इस महोत्सव में 25 राज्यों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए 500 से अधिक पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लोग बढ़ चढ़कर ले रहे हैं। लगभग 300 लखपति दीदी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ अपनी विशेष क्षेत्रीय रेसिपी और प्राकृतिक उत्पादों के साथ महोत्सव में शामिल हुई हैं। उनके स्टॉल न सिर्फ़ स्वाद का अनुभव करा रहे हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्थानीय कौशल और महिला नेतृत्व वाले उद्यमों की ताकत को भी सामने ला रहे हैं। वहीँ फूड स्टॉल्स के साथ-साथ प्राकृतिक और ग्रामीण उत्पादों की प्रदर्शनी भी लोगों को खूब आकर्षित कर रही है।
इस महोत्सव में ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और हुनर को देखने-समझने के लिए बड़ी संख्या में आगंतुक रोज़ महोत्सव का रुख कर रहे हैं और इसे एक यादगार अनुभव बता रहे हैं। सरस फ़ूड महोत्सव ग्रामीण भारत की आत्मनिर्भरता, परंपराओं और महिला उद्यमिता को शहर से जोड़ने वाला एक जीवंत मंच बन गया है।