सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने देशभर और विदर्भ क्षेत्र के ठेकेदारों से भारतीय जनसंचार संस्थान- आईआईएमसी अमरावती के पश्चिमी-क्षेत्र के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया में पहल करने की अपील की है।
श्री जाजू ने आज नागपुर में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग- सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ आईआईएमसी अमरावती परिसर के निर्माण की स्थिति की समीक्षा की और मंत्रालय के अंतर्गत आकाशवाणी, दूरदर्शन, पत्र सूचना ब्यूरो और केंद्रीय संचार ब्यूरो के कार्यालयों के प्रमुखों के साथ बैठक की।
श्री जाजू ने बताया कि निविदाएं सीपीडब्ल्यूडी की वेबसाइट etender.cpwd.gov.in पर आमंत्रित की जा रही हैं जिसे जमा करने की अंतिम तिथि 27 दिसम्बर है। उन्होंने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 तक आईआईएमसी में कुछ शैक्षणिक परिसरों का निर्माण पूरा हो जाने की आशा व्यक्त की है।
नए शैक्षणिक परिसर में प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन, छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर के साथ-साथ दो सौ सीट की क्षमता वाला एक सभागार भी शामिल होगा। देश भर में आईआईएमसी के पांच क्षेत्रीय केंद्र हैं जो अंग्रेजी, हिंदी और स्थानीय भाषाओं में पत्रकारिता पाठ्यक्रम प्रदान करते हैं।