रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा केंद्रों पर रात्रि में बड़े हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में बिजली उत्पादन और वितरण प्रणाली को निशाना बनाया गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि इस हमले में 400 से ज़्यादा ड्रोन और करीब 40 अलग-अलग तरह की मिसाइलें शामिल थीं। जिनके निशाने पर देशभर में स्थित पावर ग्रिड, उत्पादन सुविधाएं और सबस्टेशन थे। रूस ने इस पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस शिमहल ने कहा कि हमलों में पश्चिमी यूक्रेन में दो बिजली उत्पादन केंद्रों के साथ-साथ बिजली वितरण की प्रमुख लाइनें और उपविद्युत केंद्र भी प्रभावित हुए। ये हमले ऐसे समय हुए जब तापमान माइनस 14 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान था। अधिकारियों ने कहा कि पूरे देश में आपातकालीन बिजली कटौती लागू की गई है, और यूक्रेन ने पोलैंड से आपातकालीन बिजली प्रदान करने का अनुरोध किया है।
इस बीच, राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि अमरीका ने यूक्रेन और रूस को लगभग चार साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए एक समझौते तक पहुंचने के लिए जून तक की समय सीमा दी है। यह समय सीमा अबू धाबी में अमरीका की मध्यस्थता में हुई त्रिपक्षीय बातचीत के बाद आई है, जिसमें कोई सफलता नहीं मिली क्योंकि युद्धरत पक्ष अपनी-अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। ज़ेलेंस्की ने कहा कि अमरीका ने अगली त्रिपक्षीय बातचीत अगले सप्ताह पहली बार अपने देश में आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है। यह बैठक मयामी में हो सकती है।
News On AIR | फ़रवरी 7, 2026 7:58 अपराह्न | Russia-Ukraine
रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा केंद्रों पर किया बड़ा हवाई हमला