युवाओं को रोजगार के माध्यम से सामाजिक विकास का लक्ष्य हासिल करने की सरकार की आकांशाओं के अनुरूप आज देश के विभिन्न भागों में 16वां रोजगार मेला आयोजित किया गया। विशाल रोजगार मेले के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नई भर्तियों के लिए 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नव नियुक्तों को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने उन्हें बधाई दी और कहा कि सरकार के रोजगार मेला कार्यक्रम के जरिए लाखों युवा केंद्र सरकार में पहले ही स्थाई रोजगार प्राप्त कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी बल दिया कि युवा राष्ट्र निर्माण में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं और विकसित भारत के निर्माण में योगदान कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि केंद्र ने इस कार्यक्रम के लिए बजट में करीब एक लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया था, जिससे रोजगार के साढ़े तीन करोड़ अवसर पैदा होने की संभावना है।