आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा उपभोक्ता कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आज दिल्ली में पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस सेवाओं के विस्तार और शहरी क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं के रख-रखाव पर एक गोलमेज समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रमुख हितधारकों ने शहरी क्षेत्र में प्राकृतिक गैस नेटवर्क के विस्तार में तेजी लाने और आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया।
श्री हरदीप पुरी ने बदलते वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य के बारे में चर्चा की। उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा और सुगमता बढ़ाने के लिए प्राकृतिक गैस बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के महत्व पर बल दिया। श्री पुरी ने राज्यों और शहरी स्थानीय निकायों को प्राकृतिक गैस के उपयोग को प्रोत्साहित किया।
श्री मनोहर लाल ने आर्थिक विकास के संचालक के रूप में शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने प्राकृतिक गैस विस्तार में तेजी लाने के लिए मिशन-मोड पर कार्यान्वयन का आह्वान किया। उन्होंने एकल-खिड़की अनुमोदन, शहरी नियोजन में प्राकृतिक गैस बुनियादी ढांचे का एकीकरण, देश के प्रत्येक व्यक्ति तक सम्पर्क की सुविधा और वर्तमान शहरी विकास पहलों के साथ समन्वय सहित प्रमुख प्राथमिकताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। 50 लाख नए प्राकृतिक गैस कनेक्शन प्रदान करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य पर भी प्रकाश डाला गया।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने, गलत सूचनाओं पर अंकुश लगाने और ईंधन की कालाबाजारी रोकने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने राज्यों को निगरानी और सतर्कता व्यवस्था मजबूत करने और उपभोक्ताओं को एलपीजी से पीएनजी का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने की सलाह दी।