सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री, नितिन गडकरी ने कहा है कि लोकतंत्र में जनहित के लिए सरकार, सार्वजनिक संपत्तियों के विकेंद्रीकरण और मुद्रीकरण में विश्वास रखती है। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण – एन.एच.ए.आई. के राजमार्ग इंफ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट का शुभारंभ किया। ये ट्रस्ट बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध हुआ है और इसे निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।
इस अवसर पर श्री गडकरी ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने कई महत्वपूर्ण ढांचागत परियोजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने बताया कि सरकार के पहले कार्यकाल में लगभग 3 लाख करोड़ रुपये की रूकी हुई और घाटे में चल रही परियोजनाओं को लाभप्रद बनाया गया। श्री गडकरी ने कहा कि ढांचागत विकास के लिए 8 लाख करोड़ रुपये तक का निवेश जुटाया जा सकता है। इससे अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।