मार्च 16, 2026 10:09 अपराह्न

printer

प्रसिद्ध लेखिका ममता कालिया और नवतेज सरना को मिला 2025 का साहित्य अकादमी पुरस्कार

साहित्य अकादमी ने आज 24 भारतीय भाषाओं में साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025 के विजेताओं की घोषणा की। प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा अनुशंसित इन पुरस्कारों को साहित्य अकादमी के सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमोदित किया गया था। सभी पुरस्कार इस महीने की 31 तारीख को नई दिल्ली में प्रदान किए जाएंगे।

 इस वर्ष आठ काव्य संग्रह, चार उपन्यास, छह लघु कथाएँ और दो निबंधों को साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, एक साहित्यिक आलोचना, एक आत्मकथा और दो संस्मरणों का भी चयन किया गया है। प्रख्यात लेखिका ममता कालिया को उनके हिंदी संस्मरण ‘जीते जी इलाहाबाद’ के लिए सम्मानित किया जाएगा। वहीं, प्रख्यात राजनयिक नवतेज सरना को उनके अंग्रेजी उपन्यास ‘क्रिमसन स्प्रिंग’ के लिए पुरस्कार मिलेगा।

साथ ही, प्रीतपाल सिंह बेताब की उर्दू कविता ‘सफर जारी है’ को भी पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए चयनित अन्य लेखकों में देवब्रत दास, प्रसून बंद्योपाध्याय, खजूर सिंह ठाकुर और योगेश वैद्य शामिल हैं। नई दिल्ली में आयोजित होने वाले पुरस्कार समारोह में सभी चयनित पुरस्कार विजेताओं को एक लाख रुपये की राशि के साथ एक उत्कीर्ण तांबे की पट्टिका प्रदान की जाएगी। प्रादेशिक समाचार के लिए नीतिका गुप्‍ता।