जनवरी 4, 2026 9:19 अपराह्न

printer

तीन साल की शर्त हटाने से डीप-टेक स्टार्टअप्स के विकास को मिलेगा बढ़ावा: केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह

सरकार ने वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान विभाग- डी एस आई आर. के अंतर्गत औद्योगिक अनुसंधान एवं विकास प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत मान्यता प्राप्त करने के लिए डीप-टेक स्टार्टअप्स के लिए निर्धारित तीन साल की शर्त को हटा दिया है। नई दिल्ली में डी एस आई आर के 41वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि तीन साल की शर्त को हटाने से डीप-टेक स्टार्टअप्स को तेजी से विकास करने में बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह सुधार देश के नवप्रवर्तकों में सरकार के विश्वास और उनकी स्थिरता एवं इरादों में उसके भरोसे को दर्शाता है।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने कई अभूतपूर्व निर्णय लिए हैं, जिनमें परमाणु क्षेत्र और अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोलना शामिल है। उन्होंने कहा कि इन नए क्षेत्रों के लिए तैयार होने के लिए सरकार अपनी पहल को और तेज करेगी।

श्री सिंह ने इस बात पर बल दिया कि भारत न केवल प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत की परिकल्‍पना को साकार कर रहा है, बल्कि एक ऐसे देश के रूप में उभर रहा है जिस पर अन्य राष्ट्र तेजी से निर्भर हो रहे हैं। उन्‍होंने भारत के अनुसंधान एवं विकास तथा नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत भी की।