इस्राइल ने गाज़ा में बंधक बनाए गए अंतिम इस्राइली कैदी रान गिविली के अवशेष प्राप्त कर लिए हैं इससे अक्टूबर में हुए युद्धविराम के अगले चरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके तहत राफ़ा सीमा को बिना किसी प्रतिबंध के फिर से खोला जाएगा। इस्राइली सेना के प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने कहा कि गिविली के शव को अंतिम संस्कार के लिए लौटा दिया गया है। इससे इस बात कि पुष्टि होती है कि गाज़ा में बंधक बनाए गए सभी लोगों को वापस इस्राइल भेज दिया गया है।
गिविली, जो एक इजराइली पुलिसकर्मी थे, 7 अक्टूबर, 2023 के हमले में मारे गए थे। उनकी इस्राइल वापसी के साथ ही हमास का युद्धविराम समझौते की शर्तों के अंतर्गत सभी 251 लोगों को इस्राइल को लौटाने का दायित्व समाप्त हो गया है।
अवशेषों की वापसी के बाद, हमास ने कहा कि उसने युद्धविराम के अंतर्गत सभी दायित्वों को पूरा कर लिया है और इज़राइल से कार्यान्वयन को पूरा करने का आग्रह किया है। इसमें राफ़ा को दोनों दिशाओं में खोलना, प्रतिबंध हटाना, सेना वापस बुलाना और गाज़ा के प्रबंधन में सहायता करना शामिल है। अमरीका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ द्वारा घोषित युद्धविराम के दूसरे चरण में गाजा के युद्धोत्तर शासन, हमास के विसैन्यीकरण और पुनर्निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।