देश में आज राम नवमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। यह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राम नवमी पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भगवान राम की महाकाव्यमय जीवन यात्रा हमें सार्थक जीवन के लिए सत्य, न्याय और सद्गुण के मार्ग पर चलने का मार्गदर्शन देती है। राष्ट्रपति ने कहा कि उनका जीवन हमें समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के जीवन के आदर्श हमारी संस्कृति की नींव हैं और हमें उनके अनुसार जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राम के आदर्श भारतीय संस्कृति की नींव हैं और नागरिकों से इन मूल्यों को आत्मसात करने का आग्रह किया।
News On AIR | मार्च 26, 2026 2:06 अपराह्न
देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है राम नवमी का पर्व, राष्ट्रपति और शीर्ष नेताओं ने दी शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम नवमी के अवसर पर शुभकामनाएं दीं हैं।
उपराष्ट्रपति ने भगवान राम को धैर्य, त्याग और न्याय के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया, जो समस्त मानवता के लिए न्याय, सत्य और अटूट नैतिकता के सर्वोच्च आदर्श हैं। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि राम के आदर्श आने वाले युगों में भी देशवासियों को सामाजिक सद्भाव, नैतिक आचरण और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि त्याग, तपस्या और संयम से परिपूर्ण मर्यादा पुरुषोत्तम का जीवन हर परिस्थिति का पूर्ण शक्ति से सामना करने की प्रेरणा देता है। श्री मोदी ने कहा कि भगवान राम के आदर्श न केवल भारत की जनता बल्कि समस्त मानवता का अनंत काल तक मार्गदर्शन करते रहेंगे। प्रधानमंत्री ने कामना की कि भगवान राम की कृपा से समस्त कल्याण सुनिश्चित हो और विकसित तथाआत्मनिर्भर भारत के राष्ट्र संकल्प की पूर्ति का मार्ग प्रशस्त हो।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राम नवमी के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि भगवान राम ने मानवता को त्याग, वचनबद्धता, सद्भाव, वीरता और धर्मपरायण जीवन के ऐसे आदर्श प्रदान किए हैं, जो युगों-युगों से भारतीय चेतना के मार्गदर्शक रहे हैं। श्री बिरला ने कहा कि भगवान राम का दिव्य चरित्र सुशासन, जन कल्याण, न्यायपूर्ण व्यवस्था और राम राज्य की महान अवधारणा का साक्षात प्रतीक है, जिसे आज भी राष्ट्र निर्माण का आदर्श माना जाता है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान राम की कृपा सदा सभी नागरिकों पर बनी रहे, प्रत्येक घर और आंगन सुख, शांति, समृद्धि और आनंद से भरा रहे, और उनके दिव्य आशीर्वाद से राष्ट्र निरंतर प्रगति, गौरव और सांस्कृतिक वैभव की नई ऊंचाइयों को छूता रहे।