रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज देशभर में कवच के चौथ चरण के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की। श्री वैष्णव ने बताया कि बैठक में तैनाती में तेजी लाने और अधिक कुशल ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने के लिए उन्नत प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
मंत्रालय ने कहा कि कवच प्रतिष्ठानों की वास्तविक समय निगरानी और पूर्वानुमानित रखरखाव को सक्षम करने के लिए एकीकृत संचालन प्रबंधन प्रणाली के रूप में केंद्रीकृत निगरानी मंच विकसित किया जा रहा है। मंत्रालय ने बताया कि अब तक 3 हजार एक सौ 3 किलोमीटर मार्ग पर कवच स्थापित किया जा चुका है।
मंत्रालय ने आगे कहा कि उच्च घनत्व और उच्च उपयोग वाले गलियारों सहित 24 हजार चार सौ 27 किलोमीटर मार्ग पर कवच का काम वर्तमान में प्रगति पर है। मंत्रालय ने कहा कि कवच के चौथ चरण के तेजी से कार्यान्वयन में सहायता के लिए एक स्वदेशी यूनिवर्सल ब्रेकिंग एल्गोरिदम विकसित किया गया है।
इस चरण के कार्यान्वयन के तहत, रेलवे ने दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा जैसे प्रमुख मार्गों पर 1 हजार छह सौ 38 किलोमीटर मार्ग पर कवच प्रणाली को चालू कर दिया है, जबकि 7 हजार एक सौ किलोमीटर मार्ग पर ट्रैक के किनारे स्थापना का कार्य प्रगति पर है।
मंत्रालय ने बताया कि 8 हजार नौ सौ 21 किलोमीटर से अधिक ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जा चुकी है, जिसे 1 हजार एक सौ 83 दूरसंचार टावरों और 767 स्टेशनों पर स्थापित कवच डेटा केंद्रों का समर्थन प्राप्त है।