संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भारतीय अर्थव्यवस्था पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान की कड़ी आलोचना की है। श्री रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार भारत विरोधी बयान दे रहे हैं और यह सही नहीं है। नई दिल्ली में आज श्री रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी के बयान की कई विपक्षी नेताओं ने भी निंदा की है।
उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बाधित करने के लिए विपक्षी दलों की भी आलोचना की। श्री रिजिजू ने कहा कि कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य प्रदर्शन करते हुए सदन के बीचोंबीच आकर कार्यवाही के संचालन में बाधा डालते हैं।
निर्वाचन आयोग के खिलाफ राहुल गांधी के बयानों पर श्री रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं को धमकाते हैं। यह लोकतंत्र को कमजोर करने की एक बड़ी साजिश है। उन्होंने इसे बहुत खतरनाक व्यवहार और दृष्टिकोण बताया। श्री रिजिजू ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया।