फ़रवरी 3, 2026 10:34 पूर्वाह्न

printer

पिछले वर्ष की तुलना में 15 लाख हेक्टेयर अधिक हुई रबी की बुआई: कृषि मंत्रालय

पिछले महीने की 30 तारीख तक देशभर में 676 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में रबी फसल की बुआई हो चुकी है। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि इस मौसम में रबी की बुआई में अच्छी वृद्धि हुई है और कुल रकबा पिछले वर्ष की तुलना में 15 लाख हेक्टेयर अधिक है। गेहूं की बुआई 335 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में जबकि धान की बुआई 45 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई है।

दलहन की बुआई में भी बढ़ोत्‍तरी दर्ज हुई है और इस वर्ष यह 139 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में दलहन की बुआई 134 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई थी।

कृषि और किसान कल्याण विभाग की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, श्री अन्न और दरदरे अनाज की बुआई लगभग 61 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई है। तिलहन की बुआई का रकबा 97 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है।