मार्च 25, 2026 3:53 अपराह्न

printer

रास लाफान औद्योगिक शहर पर मिसाइल हमलों के बाद कतर एनर्जी ने कई दीर्घकालिक एलएनजी अनुबंधों को पूरा करने से मना किया

ईरान द्वारा कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर के मुख्‍य प्रतिष्‍ठानों पर मिसाइल हमलों के बाद कतर एनर्जी ने कई दीर्घकालिक तरलीकृत गैस आपूर्ति- एलएनजी अनुबंधों को पूरा करने से मना कर दिया है।
 
कतर द्वारा गैस की आपूर्ति करने से मना किए जाने पर दक्षिण कोरिया, चीन, इटली और बेल्जियम के खरीदारों के प्रभावित होने की आशंका है। ईरान की मिसाइलों ने 18 और 19 मार्च को रास लाफान पर हमला किया। इस हमले में दो एलएनजी उत्पादन संयंत्र और एक गैस-से-तरल पदार्थ निर्मित करने वाले संयंत्र क्षतिग्रस्त हो गए।
 
इन हमलों के कारण आग लग गई और लगभग 17 प्रतिशत यानि प्रति वर्ष 12 दशमलव आठ मिलियन टन  कतर की एलएनजी निर्यात क्षमता ठप हो गई। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार मरम्मत में तीन से पांच साल लगने की संभावना है।
 
ये हमले ईरान के साथ चल रहे अमरीका-इस्राएल संघर्ष से जुड़े बढ़ते तनाव के बीच हुए हैं। इसमें तेहरान खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा अवसंरचना को लगातार निशाना बना रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट कतर की स्थिति ने वैश्विक एलएनजी आपूर्ति में व्यापक व्यवधान की आशंकाओं को और बढ़ा दिया है।
 
इस अप्रत्याशित घटना की घोषणा से कतर एनर्जी को संविदात्मक दंड से सुरक्षा मिली है, लेकिन अब प्रमुख आयातकों के स्पॉट मार्केट की ओर रुख करने की उम्मीद है। विश्लेषकों का मानना है कि इससे वैश्विक एलएनजी की कीमतें बढ़ सकती हैं।
 
एशिया और यूरोप में आपूर्ति का दबाव बढ़ सकता है और अमरीका सहित वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं की मांग में वृद्धि हो सकती है। कतर एनर्जी के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी साद अल-काबी ने नुकसान को गंभीर और दीर्घकालिक बताया है। इससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों में लंबे समय तक अस्थिरता की आशंकाएं बढ़ गई हैं।