भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा पूसा कृषि विज्ञान मेला-2025 का आयोजन नई दिल्ली में जारी है। तीन दिवसीय इस मेले का विषय उन्नत कृषि-विकसित भारत पर केंद्रित है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस मेले में किसानों को कृषि की नई तकनीक की जानकारी के साथ साथ उन्नत किस्मों के बीज और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।
मेले का मुख्य आकर्षण भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान की ओर से विकसित की गई अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन है। प्रदर्शनियों में आईएआरआई, आईसीएआर संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्र, उद्यमियों, स्टार्ट अप और सार्वजनिक और निजी दोनों कंपनियों की नवीन तकनीकों, उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मेले आये एक प्रदर्शक ने अपने उपकरण के बारे में जानकारी दी।
कृषि मेले में देशभर के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जा रहा है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा कृषकों के नवाचारों को महत्ता देता है और व्यावहारिक कृषि प्रौद्योगिकियों और तकनीकों को विकसित व प्रसारित करने वाले प्रतिभावान किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए हर साल पूसा कृषि विज्ञान मेले में सम्मानित करता है।