सितम्बर 28, 2024 8:08 अपराह्न

printer

बागपत जिले के पुरा महादेव गांव को हेरिटेज श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के रूप में चयनित किया गया

बागपत जिले के पुरा महादेव गांव को हेरिटेज श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के रूप में चयनित किया गया है। पर्यटन मंत्रालय ने बताया है कि पुरा महादेव राज्य का अकेला ऐसा गांव है जो देश भर के 36 सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों में शामिल किया गया है।

 
हमारे प्रतिनिधि ने बताया कि बागपत जनपद में हिंडन नदी के किनारे बसे पुरा महादेव गांव को प्राचीन काल से ही धार्मिक स्थल के रूप में जाना जाता है। यह शिव भक्तों का प्रमुख तीर्थ स्थल है। सावन मास के महीने में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं। मंदिर का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व न सिर्फ उत्तर प्रदेश में, बल्कि पूरे देश में प्रसिद्ध है। गौरतलब है कि ऐतिहासिक पुरा महादेव गांव स्थित परशुरामेश्वर मंदिर के बारे में मान्यता है कि यहां भगवान परशुराम ने तपस्या करते हुए शिवलिंग की स्थापना की थी उसके बाद से ही लोग मंदिर में भगवान शिव से जो भी मन्नत मांगते हैं वह पूरी होती है। धरोहर श्रेणी में शामिल पुरा महादेव गांव को एक तरफ दुनिया के नक्शे पर अलग पहचान मिलेगी वहीं युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।