पंजाब में, होशियारपुर के एक गाँव में, शुक्रवार रात एलपीजी टैंकर विस्फोट में मरने वालों की संख्या सात हो गई है। गंभीर रूप से जलने के कारण दो महिलाओं समेत पाँच और लोगों की मृत्यु हो गई। तेरह अन्य पीड़ित अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से पाँच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह विस्फोट एलपीजी टैंकर के एक वाहन से टकरा जाने से हुई। टक्कर के बाद गैस रिसाव से विस्फोट हुआ और आस-पास के घरों-दुकानों में आग लग गई, जिससे कई लोग घटनास्थल पर ही मारे गए। दोनों वाहनों के चालक अब भी फरार हैं।
पंजाब के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति समवेदना व्यक्त की है। राज्य सरकार ने मृतकों के निकटतम परिजन के लिए दो-दो लाख रुपये की सहायता की घोषणा की है। जिला प्रशासन को घायलों का मुफ्त इलाज करने के निदेश दिए गए हैं।