अप्रैल 1, 2026 1:18 अपराह्न

printer

पुडुचेरी: सभी विधानसभा क्षेत्रों में की जा रही ड्रोन आधारित निगरानी

पुडुचेरी के सभी 30 विधानसभा क्षेत्रों में ड्रोन आधारित निगरानी की जा रही है। केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव विभाग ने कहा है कि इस पहल का उद्देश्य विधानसभा चुनावों के दौरान निगरानी को और मजबूत करना तथा चुनावी अनियमितता पर अंकुश लगाना है।
 
मन्नादिपेट निर्वाचन क्षेत्र में ड्रोन गश्त के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए कथित तौर पर पैसे बांटने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और 55 हजार रुपये जब्त किए गए। एक अन्‍य घटना में मंगलम निर्वाचन क्षेत्र में 11,300 रुपये नकद तथा दोपहिया वाहन के साथ दो व्यक्तियों को पकड़ा गया। उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी पी. जवाहर ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से निष्पक्ष तथा स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सी विजिल (C-VIGIL) ऐप या हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से उल्लंघन की रिपोर्ट करने का आग्रह किया गया है।