लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि वह हमेशा प्रदेश के विकास के प्रति समर्पित है। उन्होंने कहा है कि बगैर किसी भेदभाव के जन समस्याओं का निराकरण उनकी प्रमुख प्राथमिकता है।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस द्वारा उनके जन्मदिन पर आयोजित सम्मान समारोह में विक्रमादित्य सिंह ने लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो प्यार व स्नेह का पथ उनके पिता प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह ने उन्हें दिखाया है उस पर वह हमेशा चलेंगे। सही का समर्थन व गलत का विरोध करना उनके रक्त में है।उन्होंने कहा कि उनके व उनके परिवार के लिए राजनीति कोई व्यवसाय नही है, बल्कि जन सेवा का मार्ग है,जिस पर वह चल रहे है। प्रदेश को विकास की दृष्टि से देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जो प्रेमभाव उन्हें प्रदेश के लोगों का मिल रहा है उसका वह कभी ऋण नही चुका सकते।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है उसका वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन कर रहें है। केंद्र सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से चाहे वह सड़को का मामला हो या शहरी विकास का,सब मामलों को प्रमुखता से उठा रहे है और इसमें केंद्रीय नेताओं का भी उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है।
विक्रमादित्य सिंह ने उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने वालो का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो विश्वास प्रदेश के लोगों ने उन पर जताया है उस पर खरा उतरने का वह हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
विक्रमादित्य सिंह के जन्मदिन पर राजीव भवन में आज प्रदेशभर से आये उनके सैंकड़ो समर्थकों ने ढोल नगाड़ों के साथ नाच गा कर अपनी खुशी का इजहार किया।