अप्रैल 2, 2026 9:41 पूर्वाह्न

printer

मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में पश्चिम बंगाल में हुआ  प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल में, मालदा जिले के मोथाबाड़ी, सूजापुर और कुछ अन्य स्थानों पर मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में कल सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया।

आंदोलन तब और भड़क उठा जब स्थानीय असंतुष्ट लोगों ने कालियाचाक के खंड-2 विकास कार्यालय के अंदर सात न्यायिक अधिकारियों का घेराव कर लिया।

शाम को स्थिति काफी बिगड़ गई और प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग – 12 को बाधित कर दिया और पत्थरबाजी की। यातायात ठप हो गया और इलाके में तनाव फैल गया।

स्थिति पर नियंत्रण के लिये पुलिस बल तैनात किया गया और देर रात न्यायिक अधिकारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

लोगों का आरोप है कि मतदाता सूची के चल रहे संशोधन के दौरान वैध मतदाताओं के नाम अनुचित तरीके से हटा दिए गए हैं, जिससे व्यापक आक्रोश फैल गया है।

हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि नाम हटाना एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसके तहत डुप्लिकेट और अमान्य प्रविष्टियों को हटाया जाता है।

केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने एक वीडियो संदेश में इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने घेराव को बेहद चिंताजनक बताया और इसे मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन के संबंध में मुख्यमंत्री और सत्ताधारी दल के नेताओं द्वारा पहले की गई भड़काऊ टिप्पणियों से जोड़ा।

श्री मजूमदार ने दावा किया कि अधिकारियों को रोकने वाले अधिकांश लोगों के नाम पहले से ही मतदाता सूची में शामिल हैं, और उन पर प्रक्रिया में बाधा डालने के लिए अव्यवस्था फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग से दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।