मार्च 30, 2026 1:31 अपराह्न

printer

जम्मू संभाग में 100 स्कूलों में हर्बल उद्यान बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी

केंद्रीय आयुष मंत्रालय के राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड ने जम्मू संभाग में 100 स्कूलों में हर्बल उद्यान बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस पर 53 लाख रुपये की लागत आएगी।

जम्मू-कश्मीर में आयुष निदेशालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक ज्ञान को स्कूली शिक्षा प्रणाली में एकीकृत करके औषधीय पौधों के बारे में जागरूकता और संरक्षण को बढ़ावा देना है। जम्मू में विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने विभिन्‍न जिलों से इस परियोजना के लिए दस विद्यालयों का चयन किया है।

ये औषधि उद्यान व्यावहारिक शिक्षण स्थल के रूप में कार्य करेंगे, जहां छात्र औषधीय पौधों की पहचान, खेती और उपयोग के बारे में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे, साथ ही इससे उनमें प्रकृति और पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होगी।

जम्मू – कश्मीर के आयुष निदेशक और जम्मू तथा कश्मीर औषधीय पादप बोर्ड के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी डॉक्‍टर अजय कुमार टिक्कू ने इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह पहल शिक्षा और स्वदेशी ज्ञान के बीच संबंधों को मजबूत करेगी।

इस परियोजना से छात्रों में एहतियाती स्वास्थ्य देखभाल जागरूकता, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और मूल्यवान पौधों की प्रजातियों के संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।